मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने थानो के लेखक गांव में स्पर्श हिमालय महोत्सव के सातवें सत्र का शुभारंभ किया महोत्सव के तीसरे दिन के सातवें सत्र का शुभारंभ किया। महोत्सव में देश-विदेश के साहित्यकार शामिल हुए हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में साहित्य और साहित्यकारों के लिए उनकी सरकार कई कार्य कर रही है।उन्होंने कहा कि सरकार ने उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान के माध्यम से उत्कृष्ट साहित्यकारों को प्रोत्साहित करने का कार्य शुरू किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी की प्रेरणा से लेखक गांव बसाया गया है। अटल जी लेखनी में पर्वतों की दृढता, गंगा की गहराई और हिमालय सी ऊंचाई थी। वो ओजस्वी वक्ता और उत्तराखंड के निर्माता हैं। अटल जी ने बताया कि शब्द भी राष्ट्र निर्माण के शस्त्र बन सकते हैं। उनकी सरकार संस्कृति और साहित्य के संरक्षण के लिए कई कार्य कर रही है। विभिन्न भाषाओं में ग्रंथ प्रकाशन के लिए वित्तीय सहायता के लिए साहित्यकारों को अनुदान भी दिया जा रहा है। उनकी सरकार साहित्यकारों को साहित्य भूषण और लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित कर रही है। जिसके अंतर्गत पांच-पांच लाख रुपये की सम्मान राशि दी जा रही है। युवा पीढ़ी को साहित्य से जोड़ने के लिए कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
