
प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव भाजपा सरकार और संगठन इसकी तैयारियोंं में जुट चुके हैं। इसी कड़ी में सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के साथ ही जनता से संवाद पर विशेष जोर दिया जा रहा है।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीपावली पर भाजपा जिलाध्यक्षों के साथ वर्चुअल बैठक में सभी से जनता से निरंतर संवाद बनाए रखने को कहा। उन्होंने कहा कि जनता के साथ संवाद ही जनसेवा का सबसे सशक्त माध्यम है और यही लोकतंत्र की असली शक्ति भी है।मुख्यमंत्री धामी ने अपने आवास से भाजपा जिलाध्यक्षों के साथ हुई वर्चुअल बैठक में सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। साथ ही आम जनता तक सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जनता के कल्याण के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।इन प्रयासों की जानकारी घर-घर तक पहुंचाना भी हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने वोकल फार लोकल अभियान को जनांदोलन के रूप में आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट भी उपस्थित रहे।