
देर रात हुई मूसलाधार बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन होने से गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे दिनभर बाधित होते रहे। हालांकि देर शाम तक दोनों ही हाईवे सुचारू हो गए हैं लेकिन पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने से आवाजाही अभी भी खतरनाक बनी हुई है। वहीं मनेरा बाईपास पर पहाड़ी से पूरी रात हुए भूस्खलन के कारण लोगों में भय का माहौल बना रहा।वहीं दूसरी ओर डबरानी और सोनगाड के समीप हाईवे का हिस्सा नदी में बहने के कारण पांच अगस्त से आवागमन बंद है। साथ ही यमुनोत्री हाईवे भी कल्याणी और जंगलचट्टी के समीप भूस्खलन के कारण बंद हो गया था।गंगोत्री हाईवे पर दोपहर तक नालूपानी सहित गणेशपुर और नेताला में आवागमन को सुचारू कर दिया गया लेकिन दोपहर बाद धरासू के समीप भूस्खलन होने के कारण गंगोत्री हाईवे दोबारा बंद हो गया था जो देर शाम को खुल गया है।