
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से देहरादून और बागेश्वर जिले के कुछ इलाकों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी तेज दौर की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।इसके अलावा 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पर्वतीय जिलों में तेज दौर की बारिश मुश्किलें बढ़ा सकती हैं। हालांकि मैदानी इलाकों में मानसून कर रफ्तार में कमी आएगी।राज्य में कई जगहों पर नदियों का जल स्तर बढ़ा है, तो कुछ स्थानों पर कम भी हुआ है। कई स्थानों पर नदियों का जल स्तर स्थिर बना हुआ है। सिंचाई विभाग के केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को दोपहर तीन बजे तक जोशीमठ में अलकनंदा नदी, पिथौरागढ़ चमगाढ़ में सरयू, नौ गांव में यमुना और शारदा बैराज में शारदा का जल स्तर बढ़ा है। पिथौरागढ़ धारचूला में काली, जौलजीबी में गोरी नदी, माया कुंड ऋषिकेश गंगा, त्यूनी टोंस, रामनगर ढेला बैराज ढेला नदी का जल स्तर कम हुआ है।