जौनसार बावर कालसी-चकराता मोटरमार्ग मलबा आने के कारण 17 घंटे बंद रहा। मंगलवार को पूरी रात सड़क के दोनों ओर सैकड़ों की संख्या में यात्री व लोडर वाहन फंसे रहे। सुबह तक इंतजार के बाद लोगों का सब्र टूट गया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। सुबह 10 बजे मोटरमार्ग खुलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।जौनसार बावर को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाले कालसी-चकराता मोटरमार्ग पर स्थित ककाड़ी खड्ड के पास मंगलवार की शाम लगभग चार बजे मलबा आ गया था। इस कारण यातायात ठप हो गया था। यात्री वाहन व गांवों से सब्जी व अन्य फसल लेकर मंडी जाने वाले सौ से अधिक वाहन फंस गए थे। वाहन चालक और ग्रामीण मार्ग को खुलवाने के लिए अधिकारियों को फोन करते रहे, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।

