देहरादून में भारी बारिश से चारों ओर जनजीवन प्रभावित है। रोजाना भारी बारिश के एक से दो दौर हो रहे हैं। जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आपदा के हालात हैं। बीते गुरुवार की रात ज्यादातर क्षेत्रों में जोरदार बारिश हुई। सहस्रधारा क्षेत्र में सर्वाधिक 175 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। सहस्रधारा क्षेत्र में अतिवृष्टि के कारण ही मालदेवता और आसपास के क्षेत्र में भारी आपदा आई।दून में बीते रात सहस्रधारा क्षेत्र के साथ ही अन्य क्षेत्रों में घंटों बारिश होती रही। अशारोड़ी क्षेत्र में 57 मिमी, माेहकमपुर क्षेत्र में 54 मिमी, हाथीबड़कला में 48 मिमी, मालदेवता में 36 मिमी, रायवाला में 36 और जौलीग्रांट में 24 मिमी वर्षा दर्ज की गई।इसके साथ ही देहरादून में इस माह अभी तक औसत 509 मिमी बारिश हुई है, जो कि सामान्य से 30 प्रतिशत अधिक है। इस पूरे मानसून सीजन में देहरादून में औसत बारिश 1308 मिमी दर्ज की गई है, यह सामान्य से 16 प्रतिशत अधिक है। हालांकि, इस दौरान दून में कहीं सामान्य से दोगुनी और कहीं सामान्य से आधी बारिश हुई।

