भराड़ीसैंण में विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले मानसून के तल्ख तेवरों ने परीक्षा ली। बारिश के चलते नदी-नाले उफना गए। इस कारण सत्र में शामिल होने जा रहे सचिवों के वाहन भी घंटों फंसे रहे। कई जगह भूस्खलन होने से मार्ग बाधित हुआ। इसमें सरकारी और निजी वाहनों को मार्ग खुलने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा।मार्ग पर जगह-जगह भूस्खलन की घटनाएं हुईं। कालेश्वर से कर्णप्रयाग के रास्ते में भूस्खलन हुआ। इसकी चपेट में वाहन भी आ गए। बाद में इस मार्ग को खोला गया और धीमे-धीमे वाहनों को निकाला गया। मार्ग कीचड़ से भरा हुआ है। यहां से करीब दो किमी की दूरी पर स्थित जखेड़ में गदेरा उफना गया। यह तेज गति से बह रहा है।

