देहरादून में इस सीजन में तीसरी बार पारा 43 डिग्री के पार हो गया है। मई से अभी तक कुछ दिनों को छोड़ लगातार गर्म हवाएं झुलसा रही हैं।सोमवार को दून का अधिकतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री इजाफे के साथ 43.1 डिग्री रहा। इससे पहले साल 1902 की चार जून को अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री रहा था, जो अभी तक का ऑल टाइम रिकॉर्ड है।मौसम वैज्ञानिक प्री मानसून की बारिश का न होना भी बता रहे हैं। वैज्ञानिकों का कहना है प्री मानसून की बारिश में आई गिरावट और जलवायु परिवर्तन के चलते मैदान से लेकर पहाड़ तक भीषण गर्मी पड़ रही है। यही वजह है कि दिन के साथ रात को भी गर्म हवाएं खूब झुलसा रही हैं। उत्तराखंड की गर्मी ने कई बार नए रिकॉर्ड बनाए। रिकॉर्डतोड़ गर्मी का सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा। जबकि मई में ही दो बार दून का पारा 43 पहुंच गया है। इससे पहले 14 मई को दून का अधिकतम पारा 43 पहुंचा था।

