डेंगू व चिकनगुनिया रोग की रोकथाम के लिए पूरे प्रदेश में महाभियान चलाया जाएगा। इसकी शुरुआत इन क्षेत्रों से की जाएगी जो मरीजों की संख्या के हिसाब से हॉट स्पॉट बन रहे हैं। बृहस्पतिवार को सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर. राजेश कुमार ने महाभियान को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए।सचिव ने बताया कि राज्य में सभी विभागों के सामूहिक प्रयासों से डेंगू व चिकनगुनिया को लेकर महाभियान चलाया जाएगा। पिछले वर्षों से डेंगू व चिकनगुनिया रोग के मामले सामने आ रहे हैं। डेंगू व चिकनगुनिया रोग एडीज मच्छर के काटने से फैलता है।राज्य में घर-घर जाकर लोगों को जागरूक के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों की जिम्मेदारी सौंपी गई हैं। चिकित्साधिकारी, आशा कार्यकर्ता और अन्य विभागों के कर्मचारियों की टीम घर-घर जाकर लोगों को डेंगू व चिकनगुनिया को लेकर जागरूक करेंगी। किसी घर में एडीज मच्छर का लार्वा मिलता है तो उसे नष्ट किया जाएगा। महाभियान के तहत आशा कार्यकर्ता, आशा फैसिलिटेटर, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम, नगर पालिका के सफाई सुपरवाइजर, अपने क्षेत्रों में प्रतिदिन न्यूनतम 50 घरों में डेंगू निरोधात्मक कार्रवाई करेंगे।

