रेसकोर्स रोड स्थित विधायक हॉस्टल के पास एक फ्लैट में काम करने वाली नाबालिग की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। बताया जा रहा है नाबालिग ने बाथरूम में फांसी लगा ली, लेकिन परिजनों ने उसकी मौत के लिए मकान मालिक को जिम्मेदार ठहराया है। उधर, नाबालिग की मौत की खबर सुनते ही सैकड़ों लोग मौके पर एकत्रित हो गए। उन्होंने पहले घटनास्थल और बाद में थाने जाकर हंगामा किया। सूचना पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के साथ ही कांग्रेस के विधायक मौके पर पहुंचे और फिर थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने राजधानी में कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाया। परिजनों की तहरीर के बाद नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर हिरासत में ले लिया है।जानकारी के मुताबिक बिहार के मुजफ्फरपुर की रहने वाली 15 वर्षीय नाबालिग अभिषेक उर्फ राजन लूथरा के घर में पिछले दो माह से काम करती थी। वह कभी वहीं रहती और कभी अपने घर चली जाती थी। बताया जा रहा है कि 28 फरवरी को भी वह करीब पांच बजे घर आई थी। उसने अपनी सहेलियों को बताया कि राजन लूथरा ने उसे बेल्ट से मारा है। उसने सहेलियों को निशान भी दिखाए थे। पिता ने बताया कि वह वापस नहीं जाना चाहती थी, लेकिन राजन लूथरा का गार्ड घर आया और जबरदस्ती अपने साथ ले गया। पिता के अनुसार करीब एक बजे उन्हें पुलिस ने सूचना दी कि उनकी बेटी ने आत्महत्या कर ली है। इसके बाद वह अस्पताल गए, लेकिन वहां भी उन्हें मिलने नहीं दिया गया।

