राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने अभिभाषण में 2025 तक उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और सशक्त उत्तराखंड का विजन रखा। कहा, विकसित उत्तराखंड की परिकल्पना नहीं, हमारा संकल्प है। प्रदेश की मातृ शक्ति, युवा शक्ति और पूर्व सैनिकों की भागीदारी से उत्तराखंड श्रेष्ठ राज्यों की श्रेणी में खड़ा होगा।सोमवार को राज्यपाल के अभिभाषण से बजट सत्र का आगाज हुआ। 11 बजे राष्ट्रगान के बाद राज्यपाल ने अभिभाषण शुरू किया। 16 पेज के अभिभाषण को राज्यपाल ने 50 मिनट में पढ़ा, लेकिन अभिभाषण के पेज नंबर 14 में नैनीताल जिले की जगह हल्द्वानी जिला पढ़ा गया। अभिभाषण के दौरान विपक्ष ने कोई हंगामा नहीं किया और शांति से अभिभाषण को सुना।

