मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को सुना। उन्होंने कहा, मन की बात सही अर्थों में जन-जन की बात, देश के गौरव, मां भारती के यशगान और देश के सम्मान की बात है।कहा, उत्तराखंड की कई विभूतियों, पर्यटक स्थलों को मन की बात में समय-समय पर स्थान मिला है, जिससे हमारे लोक संगीत और लोक संस्कृति से पूरे विश्व के लोग परिचित हुए। रायपुर विधान सभा क्षेत्र के चाणक्य कॉलेज परिसर गुजराड़ा मानसिंह में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुनने के बाद सीएम ने कहा, पीएम ने अपने विचारों से देशवासियों के हृदय को छूने का काम किया है।कहा, प्रधानमंत्री ने मन की बात में अलग-अलग तरह और विषयों को रखा। 18 साल की उम्र पूरी कर चुके युवा मतदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रधानमंत्री ने मेरा पहला वोट देश के लिए की बात कही है। निश्चित रूप से इससे नए मतदाता प्रोत्साहित होंगे। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम के जरिए लोगों का भरोसा जीता है।

