हल्द्वानी हिंसा मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने बहुउद्देशीय भवन में पत्रकार वार्ता की। इस दौरान उन्होंने बताया कि कुर्की किए गए तीन नामजद फरार अभियुक्त सहित 14 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।इस दौरान उन्होंने कहा कि उपद्रवियों के पास से पैट्रोल बम और लूटी गई मैगजीन भी बरामद की गई है। बता दें कि, नैनीताल पुलिस ने अब तक 58 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है।बीती आठ फरवरी को बनभूलपुरा के मलिक का बगीचा क्षेत्र में अवैध रूप से बनाए गए मदरसे और मस्जिद को ढहाने के दौरान पथराव, आगजनी और हिंसा हुई थी। पथराव होने के कारण तब नगर निगम की टीम मदरसे और नमाज स्थल को आधा तोड़कर ही बाहर निकल भागी थी। इस हिंसा में छह लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई जवान और नगर निगम कर्मचारी घायल भी हुए थे। हिंसा के बाद क्षेत्र में कर्फ्यू लगा दिया गया था। 14 फरवरी को हाईकोर्ट में इस मामले में सुनवाई भी हुई थी। वहीं अब कर्फ्यू के बीच ही नगर निगम ने आधे टूटे अवैध धर्मस्थल को भी ढहा दिया है।शुक्रवार सुबह नगर निगम से टीम बनभूलपुरा के लिए रवाना हुई थी। सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट ने बताया कि शेष अवैध मदरसा, मस्जिद तोड़ दिया गया है। मलबा भी यहां से सामान हटाया जा रहा है।

