उत्तराखंड में भीषण सर्दी से मैदानी जिले बेहाल हैं। ज्यादातर मैदानी क्षेत्रों में पारे में छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में पाला दुश्वारी बढ़ा रहा है। अगले चार दिन तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के साथ ही सर्दी का सितम बरकरार रहने की आशंका है।मौसम विभाग के मुताबिक मैदानी जिलों में घने कोहरे को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जिस कारण ज्यादातर क्षेत्र प्रचंड शीत लहर की चपेट में आ सकते हैं। इस दौरान स्वास्थ्य के प्रति अतिरिक्त सजगता बरतने की सलाह दी गई है। प्रदेश में पहाड़ से लेकर मैदान तक समूचा उत्तराखंड शीत लहर की चपेट में है।मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार उत्तराखंड में अगले कुछ दिन मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है। हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, पौड़ी, नैनीताल, देहरादून के मैदानी क्षेत्रों में अगले चार दिन घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। आगामी 16 जनवरी को प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के आसार हैं। जिससे हल्की वर्षा-बर्फबारी संभव है।दून का अधिकतम तापमान मसूरी से भी कम पहुंच गया है। वहीं, प्रदेश के ज्यादातर पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य या उससे अधिक है। जबकि घने कोहरे के कारण मैदानी क्षेत्रों का तापमान पर्वतीय क्षेत्रों से भी नीचे पहुंच गया है। शहर, अधिकतम, न्यूनतम देहरादून, 13.4, 6.4 ऊधम सिंह नगर, 12.5, 8.2 मुक्तेश्वर, 18.7, 5.3 नई टिहरी, 18.8, 5.4 मसूरी, 14.1, 4.8

