उत्तराखंड के दिवंगत कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास का गुरुवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। सुबह उनके आवास से भारी जन समूह के साथ शव यात्रा निकली। उनके दोनों पुत्रों ने मुखाग्नि दी। इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल समेत कई नेताओं ने उन्हें पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। धामी ने शोक संवेदना प्रकट कर उनके आकस्मिक निधन को राजनीति के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि चंदन दास सहज और मृदुभाषी थे, उनका हमारे बीच से यूं चले जाना दुखद है। उन्होंने हमेशा गरीबों और समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के लिए काम किया व जन आवाज को विधानसभा में प्रमुखता से उठाते थे। उन्होंने कहा उनके सपनों व संकल्पों को आगे बढ़ाया जाएगा।वर्ष 2006 में चंदन राम दास ने बीजेपी जॉइन की। वह 2007, 2012, 2017 और 2022 में जीत दर्ज कर विधायक बने थे। बीते विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के उम्मीदवार बालकृष्ण को बागेश्वर सीट से हराया था। उत्तराखंड सरकार के कई मंत्रियों और नेताओं ने चंदन राम दास के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया है।
ताजा न्यूज़
February 5, 2025