जयपुर (राजस्थान) से मित्रों के साथ घूमने आए एक युवक व युवती गंगा में स्नान के दौरान बह गए। जल पुलिस व एसडीआरएफ ने लापता दोनों पर्यटकों की तलाश में सर्चिंग अभियान चलाया, लेकिन कुछ पता नहीं चला। चारों पर्यटक शनिवार को कैंपिंग में ठहरे थे। एसडीआरएफ ढालवाला के निरीक्षक कवींद्र सजवाण ने बताया कि घटना टिहरी जिले के अंतर्गत शिवपुरी बीच की है। एसडीआरएफ को पुलिस ने दो पर्यटकों के बहने की सूचना दी, जिसके तुरंत बाद एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और राफ्ट के साथ सर्चिंग शुरू की।एसडीआरएफ और जल पुलिस उनकी तलाश में जुटी है, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है।
