मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैंट विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा में प्रेमनगर को नगर पालिका बनाने की घोषणा की । प्रेमनगर को नगर पालिका का दर्जा मिलने से क्षेत्र के शहरी विकास, सफाई, पेयजल और अन्य नागरिक सुविधाओं को व्यवस्थित करने का रास्ता खुलेगा। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र को 48.44 करोड़ रुपये की 23 विकास योजनाओं की सौगात भी दी। मुख्यमंत्री ने इनमें से 29.41 करोड़ रुपये की लागत वाली 10 योजनाओं का लोकार्पण किया, जबकि 19.03 करोड़ रुपये की 13 योजनाओं का शिलान्यास किया।उन्होंने क्षेत्र के लिए आठ अन्य घोषणाएं भी कीं। इनमें शास्त्रीनगर में नाले के पुनर्निर्माण को जल्द स्वीकृति देना,कांवली रोड का चौड़ीकरण और हरबंस कपूर राजकीय इंटर कालेज में उपलब्ध भूमि पर राजकीय डिग्री कालेज खोलने की प्रक्रिया शुरू करना शामिल है।यमुना कालोनी में भगवान शंकर मंदिर के पास, वार्ड 41 इंद्रापुरम और वार्ड 43 हिंदलोक कालोनी में नलकूप निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश एसडीजी इंडेक्स में पहले स्थान पर है। वर्ष 2021-22 में गरीबी का स्तर 9.7 प्रतिशत था, जो 2024-25 में घटकर 6.92 प्रतिशत रह गया। प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या 2022 के 702 से बढ़कर 1900 से अधिक और एमएसएमई इकाइयों की संख्या 60 हजार से बढ़कर करीब एक लाख हो गई है।कार्यक्रम में कैंट विधायक सविता कपूर, महापौर सौरभ थपलियाल, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी मौजूद रहे।
