मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में विकास कार्यों के लिए 805 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।इसमें सड़क निर्माण एवं सुधार, धार्मिक स्थलों का सुंदरीकरण, बांधों व बैराजों की सुरक्षा, सीवर लाइनों के प्रतिस्थापन, पेयजल व्यवस्था, बहुउद्देश्यीय भवनों के निर्माण और शहरी स्थानीय निकायों को अनुदान की धनराशि शामिल है।मुख्यमंत्री ने यूजेवीएनएल के छह बांधों व बैराजों की सुरक्षा और सुदृढ़ीकरण के लिए विश्व बैंक पोषित परियोजना के अंतर्गत 398.30 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। अल्मोड़ा के रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न कार्यों के लिए 1.72 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।चंपावत के दुधौरी में भगवती मेला स्थल के सुंदरीकरण के लिए 58.67 लाख और क्वारसिंह (अमोड़ी) में भगवती दुर्गा मंदिर के विकास के लिए 47.85 लाख रुपये दिए जाएंगे। पिथौरागढ़ के डीडीहाट में किरौली स्कूल से जैतबुगा तक सीसी मार्ग निर्माण के लिए 74.44 लाख तथा उत्तरकाशी के हर्षिल में 23 भवनों के बाहरी स्वरूप के सुंदरीकरण के प्रथम चरण के लिए 4.92 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
