मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीआरडी जवानों का मानदेय बढ़ाने, ग्राम पंचायतों में मुख्यमंत्री खेल क्लब बनाने की घोषणा की है। उन्होंने रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखाने के दौरान कहा कि मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 की जाएगी। मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि भी दोगुनी होगी। मुख्यमंत्री धामी ने शनिवार को पवेलियन ग्राउंड में राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित रन फॉर यूनिटी में शामिल युवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के मानदेय में वृद्धि किए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मानदेय वृद्धि के संबंध में जल्द ही बैठक की जाएगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब का गठन किए जाने की भी घोषणा की। कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।मुख्यमंत्री ने देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र से सटी रिक्त भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित किए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस भूमि पर मिनी स्टेडियम एवं अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण किया जाएगा।मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत विभिन्न स्तरों पर आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ाए जाने की भी घोषणा की।
