उत्तराखंड पुलिस की वर्दी और पहचान में बदलाव की तैयारी है। पुलिसकर्मियों की वर्दी पर लगने वाला इनसिग्निया (प्रतीक चिह्न) बदला जाएगा। इसके साथ ही पुलिस की टोपी पर लगने वाले प्रतीक चिह्न में भी बदलाव किया जा रहा है।इसके साथ ही स्थापना दिवस के बाद पुलिस ध्वज में भी बदलाव किए जाने की तैयारी है। इन बदलावों के जरिए पुलिस की पहचान को नया स्वरूप देने की दिशा में कदम बढ़ाया जा रहा है।पुलिस की वर्दी केवल अनुशासन और पद की पहचान ही नहीं, बल्कि विभाग की विशिष्ट पहचान का भी प्रतीक होती है। वर्दी पर लगे बैज, इनसिग्निया और अन्य चिह्नों से पुलिसकर्मी के पद तथा विभागीय पहचान की जानकारी मिलती है। ऐसे में इन प्रतीक चिह्नों में बदलाव होने के बाद पुलिसकर्मी नई पहचान के साथ नजर आ सकते हैं।वर्दी पर लगने वाले बैच व प्रतीक चिन्ह में बदलाव के बाद पुलिसकर्मियों की वर्दी का स्वरूप भी कुछ हद तक अलग नजर आ सकता है। इससे पहले 2021 में पूर्व डीजीपी अशोक कुमार ने पुलिस विभाग की वर्दी के लिए मोनोग्राम (बैज) जारी किया था। इस मोनोग्राम को पुलिसकर्मी बाएं बाजू पर लगाकर रखते हैं। इस बैज में भी कुछ परिवर्तन किया जा रहा है।
