उत्तराखंड में मौसम फिर करवट ले रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अगले दो दिन प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदल सकता है। मौसम विभाग ने आज 11 जिलों में गरज-चमक, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की आशंका को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। देहरादून और उत्तरकाशी में तीव्र वर्षा के आसार हैं। शुक्रवार को भी पांच जिलों में आकाशीय बिजली चमकने और झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। वहीं, शुक्रवार को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। गुरुवार को देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, अल्मोड़ा, हरिद्वार, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली चमकने की आशंका है।
