रायपुर थाना क्षेत्र की एमडीडीए कॉलोनी में बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े घर में घुसकर कारोबारी की पत्नी की हत्या कर दी गई महिला घर में अकेली थीं। उनके हाथ से सोने का कंगन गायब मिला, जिससे परिजन लूट के बाद हत्या की आशंका जता रहे हैं। महिला के चेहरे पर खरोंच के निशान हैं। पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान रेखा बंसल (70) के रूप में हुई है। उनके पति दिनेश बंसल की डिस्पेंसरी रोड पर किताबों की दुकान है। बताया जा रहा है कि घटना के समय रेखा घर में अकेली थीं, उनके पति दुकान पर थे। शाम को परिजनों को घटना की जानकारी मिली, इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना करीब सवा चार बजे की बताई जा रही है।घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। टीम ने मौके की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई है। बेटे की तहरीर पर पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
