देहरादून और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के चलते नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने लगा है। इसे देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है। पुलिस टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर हालात का जायजा ले रही हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क हैं। बारिश के कारण नदी-नालों में अचानक पानी बढ़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस की ओर से इनके आसपास रहने वाले लोगों को विशेष रूप से सावधान किया जा रहा है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें संवेदनशील स्थानों पर पहुंचकर लोगों को लाउड हेलर के माध्यम से चेतावनी दे रही हैं। लोगों से नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास नहीं जाने की अपील की जा रही है।
