मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर स्थापित देश के पहले अग्निवीर पुनर्रोजगार सेल के माध्यम से उत्तराखंड के अग्निवीरों को रोजगार उपलब्ध कराने की तैयारी तेज कर दी गई है। पूर्व सैनिक कल्याण सलाहकार परिषद के अध्यक्ष कर्नल अजय कोठियाल ने बताया कि दिसंबर, 2026 और जनवरी, 2027 में सेना से सेवा पूरी कर लौटने वाले उत्तराखंड के करीब 1200 अग्निवीरों को दोबारा रोजगार के लिए सेल समन्वित रूप से कार्य करेगा। यह सेल मुख्यमंत्री कार्यालय के अधीन कार्य करेगा और केंद्र व राज्य सरकार के विभागों, अर्द्धसैनिक बलों तथा कारपोरेट संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएगा।सेना में 25 प्रतिशत अग्निवीरों के स्थायी रूप से शामिल होने के बाद शेष 75 प्रतिशत प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार, उच्च शिक्षा या स्वरोजगार से जोड़ने का काम यही सेल करेगा। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना अग्निवीरों की आवश्यक स्किलिंग और प्रमाणन भी सुनिश्चित कर रही है।
