उत्तराखंड में 2027 में होने वाले कुंभ मेला के लिए केंद्र सरकार ने 500 करोड़ की राशि जारी कर दी है। मुख्यमंत्री धामी ने धनराशि जारी करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आभार जताया। इस राशि के मिलने से कुंभ मेला क्षेत्र में होने वाले अवस्थापना विकास व घाटों के सौंदर्यीकरण समेत अन्य कार्यों में तेजी आएगी।हरिद्वार में जनवरी से अप्रैल 2027 तक कुंभ मेला आयोजन होना है। मुख्यमंत्री ने कहा, कुंभ मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और सामाजिक समरसता का विश्वविख्यात महापर्व है। केंद्र सरकार की ओर से स्वीकृत धनराशि कुंभ मेला 2027 को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी।प्रदेश सरकार ने कुंभ मेला को दिव्य व भव्य रूप से मनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी है। वहीं, कुंभ मेला के लिए केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को 500 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं।

