ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में बजट सत्र की तिथि तय होने के साथ ही सरकार भी बजट को अंतिम रूप देने में जुट गई है।मुख्यमंत्री धामी ने मंगलवार को रेसकोर्स में भाजपा के महाप्रशिक्षण अभियान की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला के दौरान पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बजट को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके लिए सुझाव लेने के क्रम में चंपावत में बजट पूर्व संवाद हो चुका है।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वर्ष 2026-27 के बजट के दृष्टिगत सभी वर्गों के हितधारकों के साथ बजट पूर्व संवाद किया जा रहा है। सभी लोगों के सुझाव के आधार पर बजट सर्वस्पर्शी बने, इस पर ध्यान केंद्रित किया गया है।दूसरा संवाद पौड़ी में होगा। लोगों के सुझाव के आधार पर यह बजट सभी के लिए सर्वस्पर्शी बनेगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट हमारे लिए दिशा होती है। उसी के अनुरूप हम भी आगे बढ़ रहे हैं।चारधाम यात्रा से संबंधित प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हमेशा ही हमारे लिए महत्वपूर्ण है। यह लाइफलाइन है। पिछले वर्ष चारधाम यात्रा संपन्न होने के बाद से ही सरकार ने अगली यात्रा के लिए तैयारी प्रारंभ कर दी थी।अब चारों धाम के कपाट खुलने की तिथियां तय हो चुकी हैं। सरकार का प्रयास है कि पिछले अनुभवों से सीख लेते हुए इस वर्ष की यात्रा अच्छी, सुखद व ऐतिहासिक हो। सबसे बड़ी प्राथमिकता यह है कि चारधाम यात्रा सबके लिए सुरक्षित हो।चारधाम यात्रा के लिए आनलाइन पंजीकरण में इस बार पंजीकरण शुल्क भी लगेगा।

