उत्तराखंड की पांचों संसदीय सीटों पर भाजपा के पक्ष में जनादेश आया। प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा ने लगातार तीसरी बार पांचों सीटें जीतकर हैट्रिक लगाई। लोकसभा की पांचों सीटों पर जीत की हैट्रिक लगाने में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की धमक भी दिखाई दी। चुनाव का एलान होने से पहले से लेकर प्रचार के आखिरी दिन तक समर में जनसभाएं, रोड शो और जनसंपर्क अभियान में जुटे रहे। उनकी सक्रियता का अंदाजा इस तथ्य से लगाया जा सकता है कि उत्तराखंड में ही उन्होंने 109 से अधिक जनसभाएं कीं। 2014 और 2019 के चुनाव में पांचों सीटों पर जनादेश भाजपा के पक्ष में ही गया था। प्रदेश में 19 अप्रैल को मतदान हुआ था। इसमें 47 लाख से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। 45 दिनों के इंतजार के बाद चुनावी इम्तहान का नतीजा सामने आया और उत्तराखंड में भाजपा क्लीन स्वीप कर गई। हालांकि पार्टी ने 75 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल करने का लक्ष्य बनाया था, लेकिन पिछले चुनाव की तुलना में उसे पांच प्रतिशत वोट कम मिले।

