आज गणतंत्र दिवस पर दून में हल्की बूंदाबांदी की उम्मीद है। बादल मंडराने से दून के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि की संभावना है। लंबे समय से कोहरे की मार झेल रहे दून को फौरी राहत मिली है। शहरी क्षेत्र में कोहरे का प्रकोप कम हो गया है, लेकिन पाला अब भी दुश्वारियां बढ़ा रहा है। जिसके चलते न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इस सीजन में पहली बार दून का न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जो कि सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है। इससे सुबह के समय ठंड अधिक महसूस हुई।हालांकि, अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। दिन में चटख धूप खिलने के कारण दिन में ठंड कम हुई है। गुरुवार को सुबह से अच्छी धूप खिली रहने के बाद शाम को आसमान में आंशिक बादल मंडराने लगे और वर्षा की उम्मीद जगी है। आज कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। मसूरी समेत ज्यादातर पर्वतीय क्षेत्रों में भी न्यूनतम पारा रसातल में पहुंच गया है।मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में आज बादलों का डेरा रह सकता है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात और निचले इलाकों में हल्की वर्षा के आसार हैं। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर समेत आसपास के मैदानी क्षेत्रों में सुबह हल्का कोहरा छाया रह सकता है।

