गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर अपने संदेश में राज्यपाल ने महात्मा गांधी और भारतीय संविधान के प्रणेता बाबा साहेब आंबेडकर सहित सभी महान स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं का भावपूर्ण स्मरण किया है।उन्होंने देश की सुरक्षा में तैनात सैन्य बलों और सभी सुरक्षा एजेंसियों के जवानों को सैल्यूट करते हुए देश की रक्षा में शहीद वीर जवानों को नमन किया। कहा, उत्तराखंड को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए हम सबको संकल्प, सिद्धि और सामर्थ्य के साथ योगदान देना होगा। राज्यपाल ने कहा, इस साल चारधाम यात्रा और कांवड़ यात्रा ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
कहा, प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने को केदारखंड की तरह ही प्रदेश में एक और धार्मिक सर्किट मानस खंड मंदिर माला मिशन पर कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री के आदि कैलास और जागेश्वर धाम भ्रमण से मानस खंड क्षेत्र को एक नई पहचान मिली है। प्रदेश में पांचवें धाम, सैन्य धाम का निर्माण कार्य जल्द ही पूरा हो जाएगा।राज्यपाल ने कहा, मूल निवास और भू-कानून के जनहित से जुड़े मुद्दों को सरकार ने गंभीरता से लिया है। उत्तराखंड एक दिन में सर्वाधिक 18 जीआई प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाला पहला राज्य बना है। इससे दुनियाभर में उत्तराखंड के उत्पादों को अलग पहचान मिलेगी।

